रायपुर। राजधानी रायपुर के सी.ए. तारवानी एंड एसोसिएट्स कार्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने कार्यालय के पूर्व कर्मचारी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।


कैश काउंटर का ताला तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के अनुसार, कार्यालय में कैशियर के पद पर कार्यरत अपर्णा नायक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई की रात अज्ञात बदमाश कार्यालय में घुसा और कटर से कैश काउंटर का ताला काटकर नकदी लेकर फरार हो गया। अगले दिन सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


सीसीटीवी और पूछताछ से मिला सुराग

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने कार्यालय के कर्मचारियों से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान संदेह कार्यालय के पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया, जिसे बिलासपुर से हिरासत में लिया गया।


पूर्व कर्मचारी ने साथी संग रची थी साजिश

पूछताछ में उमेश पोर्ते ने स्वीकार किया कि उसे कार्यालय में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।


7.80 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 लाख 80 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।