जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 65 गौवंश बरामद किए हैं। मवेशियों को कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें दो मवेशी मृत पाए गए। पुलिस ने झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस के 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में बड़ी संख्या में मवेशियों को अंबिकापुर की ओर से बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में एसडीओपी निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत सहित बगीचा थाना पुलिस के जवान शामिल थे।
पुलिस को देखकर ट्रक लेकर भागने लगा चालक
पुलिस टीम ने बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान शनिवार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा।
पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और ग्राम खंटाडांड़ के पास कंटेनर को रोक लिया।
कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 65 गौवंश, दो मृत मिले
कंटेनर की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके भीतर कुल 65 गौवंश मिले। सभी मवेशियों को बेहद अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया था।
जांच के दौरान दो मवेशी मृत पाए गए। पुलिस ने बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वहीं, मृत मवेशियों का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।
झारखंड निवासी रेहान अंसारी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक ने अपना नाम रेहान अंसारी (34 वर्ष) बताया। वह झारखंड के गुमला जिले के ग्राम सिसई का निवासी है।
पुलिस ने जब मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कंटेनर को अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जा रहा था।
रास्ते की रेकी करने वाली कार भी जब्त
पुलिस जांच में गौ-तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है।
पुलिस ने तस्करी के रास्ते की रेकी करने में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 को भी जब्त किया है।
कार से जुड़े संदिग्ध आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पशु क्रूरता समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी रेहान अंसारी के खिलाफ बगीचा थाने में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गौ-तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने सीमावर्ती इलाकों में तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत संदिग्ध वाहनों की जांच और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी मिली है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। पुलिस गौ-तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।





