जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बगीचा थाना क्षेत्र के झिक्की गांव में एक मकान पर छापेमारी कर 35 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को झिक्की गांव में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 7 अक्टूबर की सुबह सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने गांव निवासी सुदर्शन गुप्ता के घर छापेमारी की।

तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी थी शराब

तलाशी के दौरान टीम को मकान के पीछे स्थित बरामदे में तिरपाल से ढककर रखी गई शराब की पेटियां मिलीं। जांच में मध्यप्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की की 35 पेटियों में कुल 1,750 नग शराब की बोतलें बरामद हुईं। इनकी कुल मात्रा 315 लीटर पाई गई।

आबकारी विभाग ने शराब को जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

अवैध शराब बरामद होने के बाद आबकारी टीम ने मकान मालिक सुदर्शन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।

आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, आरक्षक श्यामसुंदर पैकरा, दीपक पांडे, आशीष कुंज सहित नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की अहम भूमिका रही।

अवैध शराब की इस बड़ी खेप की बरामदगी को आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।