धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 53 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धौराभाठा में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अर्जुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 53 पेटी अवैध शराब, जिसमें 2,544 पौवा (करीब 458 लीटर) शराब शामिल है, बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 2,23,680 रुपये बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलानंद साहू उर्फ गोलू (33 वर्ष), पिता ईश्वर साहू और कमलेश साहू (32 वर्ष), पिता कोमल साहू, दोनों निवासी धौराभाठा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह मामला एक बड़े अवैध शराब नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब शराब की सप्लाई चेन, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।