धमतरी। विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। करीब 90 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही एजेंसियों को धमतरी जिले में एक अहम सुराग मिला है। टिकरापारा स्थित AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड के जरिए करीब 3.20 करोड़ रुपये की निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए एटीएम को अपने रडार पर ले लिया है।
जांच में सामने आया है कि संबंधित एटीएम सुंदरगंज चर्च से महज 15 से 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। एजेंसी ने बैंक से लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच के अनुसार, विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 3,200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई। इस तरह कुल निकाली गई राशि करीब 3.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। जांच एजेंसियां अब इन संदिग्ध ट्रांजेक्शनों के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
संदिग्ध फरार, तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान संबंधित संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार मिला। उसकी तलाश के लिए जांच एजेंसियां लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। एजेंसियों ने अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और संदिग्ध लेनदेन की वास्तविक तस्वीर सामने आने की संभावना है।





