रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को संतोषी नगर ब्रिज के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा एक ट्रक (RJ 31 GB 3122) अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक की टक्कर से एक कार (CG 04 MA 3271) भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज गति से जा रहा था। संतोषी नगर ब्रिज के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाने का कार्य शुरू किया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





