कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव गांव में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कलगांव में ग्रामीण रोजगार संबंधी सरकारी योजना के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के समीप आ गिरी, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। हादसे में उपसरपंच मनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं झुलस गईं।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय कार्यस्थल पर करीब 70 ग्रामीण मौजूद थे। प्रशासन ने मामले की जानकारी मिलने के बाद राहत एवं सहायता कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, घायलों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।





