कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परसा के पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की मां ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे के प्रेम संबंध को लेकर युवती के परिजन लगातार धमकियां दे रहे थे। मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कनबेरी निवासी शंकर रोहिदास 17 जून को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार कॉल किया, घंटी बजती रही लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर दो दिन बाद गांव से करीब 100 मीटर दूर परसा के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला।

मां बोलीं- बेटे ने आत्महत्या नहीं की, उसकी हत्या हुई

मृतक की मां नीराबाई रोहिदास शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि बेटे के शरीर और कपड़ों पर ऐसे निशान थे, जो सामान्य आत्महत्या से मेल नहीं खाते। उनका दावा है कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

प्रेम संबंध को लेकर था विवाद

नीराबाई के अनुसार, शंकर का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था। वह बेटे का रिश्ता लेकर युवती के घर भी गई थीं, लेकिन परिजनों ने प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद से युवक को लगातार धमकियां मिल रही थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि 16 जून को युवती अपनी मां के साथ उनके घर आई थी और गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इस घटना के बाद शंकर काफी डरा हुआ था।

पहले भी अपहरण की कोशिश का आरोप

मृतक की मां का कहना है कि घटना से पहले चार नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने शंकर का अपहरण करने की भी कोशिश की थी। वहीं, अंतिम संस्कार के बाद हुए एक विवाद के दौरान युवती के पिता द्वारा कथित रूप से हत्या की बात स्वीकारने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।