कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित डिंडोलभाठा गांव में उफनते नाले में बह गए एक ग्रामीण का शव करीब 48 घंटे बाद बरामद किया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव को नाले से बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (52) सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह तेज धारा में बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तेज जलधारा के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर नाले में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।


बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण का शव नाले से बरामद कर लिया गया। बताया गया कि यह नाला आगे चलकर अहिरन नदी में मिलता है और लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नालों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।