कोरबा। जिले के छुरी स्थित चर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की साजिश जेल में रची गई थी। हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में पहले जेल जा चुके तीन अपराधियों की वहीं दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने ज्वेलरी शोरूम लूटने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता विष्णु प्रसाद राठिया है, जिसने एक फिल्म की कहानी से प्रेरित होकर पूरी योजना तैयार की। पहचान छिपाने के लिए उसने अपने एक साथी को महिला के वेश में दुकान भेजा, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, दुकान संचालक की सतर्कता और साहस के चलते बदमाश अपने इरादों में सफल नहीं हो सके।
पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार मास्टरमाइंड की तलाश लगातार जारी है।
महिला के भेष में पहुंचे, अंगूठी खरीदने का बनाया बहाना
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई की दोपहर करीब 1 बजे तीनों आरोपी ग्राहक बनकर छुरी स्थित राज ज्वेलर्स पहुंचे। दो आरोपितों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि तीसरा सलवार-सूट पहनकर महिला के रूप में दुकान के अंदर गया। उसने चांदी की अंगूठी खरीदने की बात कहकर दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल को काउंटर तक बुलाया।
इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देसी कट्टा निकालकर संचालक पर तान दिया। बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंकने की भी कोशिश की। वहीं, महिला के वेश में आया तीसरा आरोपी दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरने लगा।
संचालक की बहादुरी से विफल हुई लूट
अचानक हुए हमले के बावजूद दुकान संचालक ने साहस का परिचय दिया और बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। उनके विरोध के कारण आरोपी घबरा गए और लूट की वारदात पूरी किए बिना वहां से भागने को मजबूर हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व अन्य सुरागों के आधार पर दो आरोपितों को दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




