रायपुर। वन्यजीवों के प्रजनन काल और मानसून सीजन को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 15 जून से 1 अक्टूबर तक राज्य के जंगल सफारी, टाइगर रिजर्व, राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्यों को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान करीब 105 दिनों तक पर्यटकों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

वन विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं और यह समय उनके प्रजनन व प्राकृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी वजह से पर्यटन गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई गई है ताकि वन्यजीवों को अनुकूल और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर से पर्यटन गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी। तब तक पर्यटकों को जंगल सफारी और संरक्षित वन क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।