जशपुर सामूहिक दुष्कर्म मामला: नाबालिग से दरिंदगी करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
जासं, जशपुर: जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक वारदात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जुर्म कबूलने के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घिनौनी वारदात तीन मई की रात की है। पड़ोस के गांव में रहने वाले 18 वर्षीय आरोपी आकाश कुजूर ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से बाहर मिलने के लिए बुलाया था। रात के अंधेरे में जब किशोरी खेत की ओर गई, तभी आकाश अपने एक अन्य साथी 22 वर्षीय नितेश कुजूर के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने किशोरी को डराया-धमकाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद बदहवास और डरी-सहमी हालत में घर पहुंची पीड़िता ने स्वजनों को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पांच मई को परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर मामले की नामजद शिकायत दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को उनके ठिकानों से दबोच लिया। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा और यौन अपराधों को लेकर जिले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





