सरगुजा में दिल दहला देने वाली वारदात: गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, प्राइवेट पार्ट में लोहे का औजार डालने का आरोप
अंबिकापुर। Chhattisgarh के सरगुजा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मणिपुर थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे का औजार डालने का आरोप लगा है। घटना में महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भिठीकला निवासी 23 वर्षीय हीराबाई के साथ गुरुवार दोपहर उसके पति प्रदीप अगरिया ने कथित रूप से क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद जब महिला बेसुध हो गई, तो आरोपी उसे बाइक से लेकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा।
अस्पताल पहुंचकर आरोपी ने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों के अस्पताल नहीं पहुंचने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार को परिजन पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट में महिला के शरीर पर करीब 16 चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है।
इधर, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की तो घर के कमरे और मुख्य दरवाजे के पास खून के निशान मिले। सामानों पर भी खून के छींटे पाए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि घायल महिला को घसीटकर बाहर लाया गया था, जिसके निशान मौके पर मिले हैं।
मामले में मृतका की पांच वर्षीय बेटी का बयान भी सामने आया है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। घटना के दौरान वह डरी-सहमी हुई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





