स्पोर्ट्स डेस्क। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष टी20 क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान शनिवार को आमने-सामने होंगे। पुरुष एशियन गेम्स क्रिकेट में यह पहला मौका होगा जब दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।
टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 3 जीत मिली हैं। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी अपने नाम किए हैं।
श्रीलंका को 45 रन पर समेटकर फाइनल में पहुंचा भारत
सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 124 रन से जीता। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन बनाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और भारतीय स्पिनरों ने गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम में कई बड़े नाम
भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। फाइनल में बल्लेबाजी क्रम और गेंदबाजी संयोजन में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है।
पाकिस्तान की नजर साहिबजादा फरहान पर
पाकिस्तान की बल्लेबाजी में कप्तान साहिबजादा फरहान अहम भूमिका निभा सकते हैं। भारत के खिलाफ चार टी20 पारियों में उनके नाम दो अर्धशतक हैं। वहीं सेमीफाइनल में पाकिस्तान के लिए अब्दुल समद ने 15 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया था।
पिच पर स्पिनरों को मिल सकती है मदद
फाइनल निसिन में खेला जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, पिच पर सेमीफाइनल की तरह टर्न और उछाल मिलने की संभावना है। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिन गेंदबाज मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पाकिस्तान चार स्पिनरों के साथ उतरने पर विचार कर सकता है।
गोल्ड मेडल पर दोनों टीमों की नजर
भारत मौजूदा एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट का डिफेंडिंग चैंपियन है और एक बार फिर गोल्ड मेडल जीतने के लक्ष्य से उतरेगा। दूसरी ओर पाकिस्तान भी खिताबी मुकाबले में जीत के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम करने की कोशिश करेगा।





