रायपुर। अब हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान ले जाने के लिए पहले से अधिक शुल्क चुकाना पड़ेगा। इंडिगो एयरलाइंस ने 5 जून से नई दरें लागू कर दी हैं, जिसके तहत निर्धारित सीमा से अधिक सामान पर अतिरिक्त भुगतान करना होगा।

नई व्यवस्था के अनुसार 15 किलो से अधिक लगेज ले जाने पर यात्रियों को तय पैकेज के हिसाब से शुल्क देना होगा। एयरलाइन की ओर से अलग-अलग स्लैब बनाए गए हैं, जिनके आधार पर ही चार्ज लिया जाएगा।

घरेलू उड़ानों में पहले 15 किलो की मुफ्त सीमा के बाद अतिरिक्त तीन किलो पर 975 रुपये लगते थे, जो अब बढ़कर 1,650 रुपये हो गए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में आठ किलो अतिरिक्त सामान के लिए पहले 3,600 रुपये शुल्क था, जिसे बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।

एयरलाइन ने प्रति किलोग्राम लगभग 175 रुपये की बढ़ोतरी की है। नियमों के अनुसार यात्री अब भी 15 किलो तक का चेक-इन लगेज और सात किलो तक का हैंड बैग बिना शुल्क ले जा सकते हैं। इससे अधिक सामान होने पर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत विमान के कार्गो में भेजा जाएगा।