जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने नया रायपुर से गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत 24 मई को हेमदत्त केशरवानी ने चांपा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

आरोपियों की बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता सहित कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये उनके बैंक खातों में जमा करा दिए। शुरुआती दौर में भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपियों ने 39 लाख 99 हजार 400 रुपये वापस किए, लेकिन बाद में शेष रकम लौटाने से इनकार कर दिया और करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद दोनों लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। चांपा पुलिस ने तकनीकी जांच, सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।