रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। सेरीखेड़ी स्थित हाउस ऑफ चखना के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जबकि चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 11:50 बजे की है। बताया जा रहा है कि हुंडई एक्सटर कार तेज गति से सेरीखेड़ी की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद चालक ने रुककर घायलों की मदद करने के बजाय कार लेकर मौके से भागना ही उचित समझा। बताया जा रहा है कि वाहन हुंडई एक्सटर था, जिसका पंजीयन नंबर CG-13 सीरीज का है।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल फरार चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपी चालक का जल्द पता लगाया जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी रही। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।





