CG Weather Update: नौपता की तपिश बढ़ाएगी मुश्किलें, लेकिन जल्द मिलेगी राहत
रायपुर। प्रदेश में रविवार से नौपता की शुरुआत हो गई है। इसके प्रभाव से रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में गर्मी और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। हालांकि इसके बाद तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत भी मिले हैं।
शनिवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माना एयरपोर्ट में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं की वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि अगले दो से तीन दिनों में मौसम प्रणाली में बदलाव की संभावना जताई गई है।
इसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।


