बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब बैंक एटीएम की तर्ज पर 'ग्रेन एटीएम' शुरू किए जाएंगे, जिनके माध्यम से राशन कार्डधारक दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा अनुसार पीडीएस का अनाज प्राप्त कर सकेंगे।
राज्य सरकार इस नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग में करने जा रही है। इसके सफल संचालन के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।
बिलासपुर में अंतिम चरण में तैयारियां
बिलासपुर के सीपत रोड स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास ग्रेन एटीएम स्थापित करने का काम अंतिम चरण में है। अगले एक सप्ताह में मशीन का कार्य पूरा होने के बाद इसके लोकार्पण की तैयारी की जा रही है।
बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मिलेगा राशन
ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए हितग्राही को मशीन में अपना राशन कार्ड या आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन होने पर निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे थैले या बोरी में उपलब्ध हो जाएगा।
नई व्यवस्था से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, लंबी कतारों से राहत मिलेगी और हितग्राहियों को 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार राशन प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी।




