गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में वन विभाग को बड़ा झटका लगा है। देवभोग वन परिक्षेत्र के रेंजर अश्विनी दास मिर्चुलिया की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि वन विभाग के आठ अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मैनपुर-धुर्वागुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर बुढ़गेलटप्पा के पास हुआ, जहां वन विभाग की बोलेरो और एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

तीखे मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, देवभोग वन विभाग की बोलेरो में रेंजर अश्विनी दास मिर्चुलिया, चालक महेंद्र निर्मलकर, वन रक्षक उमेश ध्रुव समेत कुल नौ कर्मचारी मैनपुर से देवभोग लौट रहे थे। इसी दौरान बुढ़गेलटप्पा के तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक के अगले हिस्से में जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर गई रेंजर की जान, आठ कर्मचारी घायल

दुर्घटना में रेंजर अश्विनी दास मिर्चुलिया ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बोलेरो में सवार आठ अन्य कर्मचारी घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंदागांव पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वन विभाग में शोक, पुलिस जांच में जुटी

रेंजर अश्विनी दास मिर्चुलिया के असामयिक निधन से देवभोग वन परिक्षेत्र सहित पूरे वन विभाग में शोक की लहर है। सहकर्मियों ने इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।