दुर्ग। पाटन ब्लॉक के ग्राम कुथरेल स्थित दो गोदामों में पाटन पुलिस ने छापा मारकर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार इन गोदामों में ‘सितार’ नाम से अवैध गुटखा तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन मशीनें, भारी मात्रा में कच्चा माल तथा निर्माण सामग्री बरामद की है। साथ ही मौके से 11 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वॉशिंग पाउडर की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा
जानकारी के मुताबिक कुथरेल स्थित जिन गोदामों पर कार्रवाई हुई, वहां अवैध गतिविधियों की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छापेमारी की।
पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि यह गोदाम असलम नामक व्यक्ति का है, जिसे वीरेंद्र तिवारी ने वॉशिंग पाउडर निर्माण के नाम पर किराए पर लिया था। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस टीम को वहां वॉशिंग पाउडर के बजाय जर्दायुक्त गुटखा का अवैध निर्माण होता मिला।





