सरगुजा। जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने स्कूटी पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।


सहेली के साथ आर्केस्ट्रा देखने निकली थी छात्रा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सोमवार रात लुंड्रा क्षेत्र में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित था। दो नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम स्थल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक और स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही। एक छात्रा बाइक पर जबकि दूसरी स्कूटी पर सवार हो गई।


रास्ता बदलकर सुनसान इलाके में ले जाने का आरोप

बाइक पर सवार छात्रा को कार्यक्रम स्थल के पास उतार दिया गया, लेकिन दूसरी छात्रा को स्कूटी सवार युवक कथित तौर पर दूसरे रास्ते से सुनसान स्थान पर ले गया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवक ने फोन कर अपने तीन अन्य साथियों को बुलाया। इसके बाद चारों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।


परिवार के साथ थाने पहुंची पीड़िता

घटना के बाद छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। मंगलवार को वह परिवार के साथ लुंड्रा थाने पहुंची, जहां शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।


चारों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पहले तीन लोगों को हिरासत में लिया। एक अन्य आरोपी फरार था, जिसे देर रात पकड़ लिया गया। इस तरह मामले से जुड़े चारों लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।


मेडिकल जांच और पूछताछ जारी

पुलिस पीड़िता और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।