गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वन विभाग के एक अधिकारी पर यात्री बस चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि कार को साइड नहीं मिलने से नाराज अधिकारी ने बीच सड़क पर बस रुकवा दी और चालक से कथित तौर पर गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। यह मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का है।


रायपुर से देवभोग जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर से देवभोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग राष्ट्रीय राजमार्ग-130C पर अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने बस चालक पर साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी।

इसके बाद कथित तौर पर बस चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे कुछ समय तक सड़क पर तनाव की स्थिति बनी रही।


करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही बस

आरोप है कि साइड नहीं देने की बात को लेकर वन अधिकारी और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों ने बस चालक से बहस की। इस दौरान बस करीब 30 मिनट तक सड़क पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।


चालक ने दर्ज कराई शिकायत

बस चालक यशवंत बंजारे ने बताया कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन है और लगातार बारिश के कारण सड़क भी क्षतिग्रस्त है। ऐसे में सुरक्षित स्थान मिलने पर ही दूसरे वाहन को साइड दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम उठाना संभव नहीं था।

चालक ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने डायल-112 पर पुलिस से मदद मांगी और बाद में इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि बस चालक की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।