बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में मछली चोरी का विरोध करना एक चौकीदार के लिए जानलेवा साबित हुआ। पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने पहले स्कॉर्पियो से मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर डंडों से बेरहमी से हमला कर चौकीदार की हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते (40) और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि कुछ समय पहले गोलू धीवर और अनीश धीवर पर बांध से मछली चोरी करने का आरोप लगा था। तीरथ राम यादव ने कथित चोरी का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। इसका विरोध करते हुए आरोपियों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया था। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद और रंजिश चली आ रही थी। मामले में पुलिस ने पहले भी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी।

शिकायत के मुताबिक, 11 जुलाई की रात श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव मोटरसाइकिल से मेलनाडीह से खूंटाघाट बांध के नवागांव कैंप जा रहे थे। जैसे ही वे नवागांव स्थित मौहा डबरी तालाब के पास पहुंचे, तभी स्कॉर्पियो सवार आरोपी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद आरोपी वाहन से उतरकर दोनों पर डंडों से टूट पड़े। शिकायत के अनुसार, अनीश धीवर ने श्याम सिंह पोर्ते को पकड़ लिया, जबकि गोलू धीवर ने तीरथ राम यादव और श्याम सिंह पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोट लगने से तीरथ राम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

रतनपुर थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3 और 5 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।