बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव पोड़ी मोहदा में सामाजिक बहिष्कार का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के 57 वर्षीय संतोष कुमार साहू ने कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पिछड़ा वर्ग आयोग से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि वर्ष 2023 में नवधा रामायण के लिए चंदा नहीं दे पाने पर ग्रामीणों ने उनका हुक्का-पानी बंद कर सामाजिक रूप से अलग-थलग कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, मई 2023 में गांव में नवधा रामायण आयोजन के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वे सहयोग राशि नहीं दे सके। इसके बाद 25 मई 2023 को गांव में बैठक बुलाकर उनके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि पंचायतनुमा फैसले के तहत ग्रामीणों को उनसे बातचीत करने, किसी भी प्रकार का लेन-देन रखने, खेती-किसानी, मजदूरी या अधिया-ठेका करने तक से रोक दिया गया। इतना ही नहीं, जो भी व्यक्ति उनसे संबंध रखेगा या बातचीत करेगा, उस पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। पीड़ित का दावा है कि इस नियम के तहत गांव के तीन लोगों से जुर्माना भी वसूला जा चुका है।
संतोष कुमार साहू ने बताया कि वे निःसंतान हैं और अपनी बीमार पत्नी के साथ रहते हैं। सामाजिक बहिष्कार के कारण वे अपने खेत में खेती तक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो मजबूर होकर आत्मदाह जैसा कदम उठाना पड़ सकता है। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।




