नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में हुए एक भीषण होटल अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, होटल में ठहरे एक कपल के शव आग बुझने के बाद गले लगे हुए हालत में मिले। बताया जा रहा है कि दोनों इलाज के लिए होटल में रुके थे, लेकिन अचानक लगी भीषण आग से बाहर निकल नहीं सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में एक लाइबेरियाई महिला की भी मौत हो गई है, जिसकी पहचान कर ली गई है। वहीं उसका पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने की कोशिश कर रही है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस हादसे की वजह हो सकती है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद राजधानी में होटल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।