MBA में एडमिशन दिलाने का झांसा, महिला से 3 लाख की साइबर ठगी
बिलासपुर। एमबीए में दाखिला दिलाने का झांसा देकर महिला से तीन लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इंटरनेट मीडिया के जरिए ठगी किए जाने की शिकायत पुलिस से की है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र के शिवम रेसिडेंसी, शांति नगर निवासी कैरोलीन मैरी ओकानर (51) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रांची, झारखंड निवासी अतुल्य अनुभव नाम के युवक ने खुद को एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का फैकल्टी सदस्य और एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ा अधिकारी बताकर संपर्क किया था।
आरोपी ने फेसबुक पर दिए गए आकर्षक विज्ञापन के जरिए महिला का भरोसा जीता और दावा किया कि वह उनके बेटे एंड्रयू जूड ओकानर (23) का नई दिल्ली स्थित फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS) में MBA कोर्स में दाखिला करा सकता है। आरोपी ने कहा कि सामान्य प्रवेश प्रक्रिया काफी कठिन है, लेकिन उसके संपर्कों के जरिए एडमिशन संभव हो जाएगा।
इसके बाद आरोपी ने सीट कन्फर्म कराने, प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज सत्यापन और प्रशासनिक मंजूरी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम मांगी। बेटे के भविष्य को देखते हुए महिला ने आरोपी के बताए खातों में कुल तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें दो लाख रुपये फोनपे के जरिए और एक लाख रुपये बैंक खाते से भेजे गए।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 11 मई 2026 को महिला को दिल्ली बुलाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया था। महिला अपने खर्च पर दिल्ली पहुंची, लेकिन वहां आरोपी न तो मिला और न ही उसका मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट सक्रिय मिला। इसके बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
पीड़िता ने पुलिस को फर्जी फेसबुक विज्ञापन, व्हाट्सएप चैट और भुगतान से जुड़े स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





