अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली
बिलासपुर। मुंगेली जिले की सरगांव पुलिस ने अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। मामले में आरोपित के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झूलना निवासी आदित्य बंजारे (19) रविवार सुबह करीब 9:30 बजे बैतालपुर स्थित अपनी साइकिल दुकान पर पहुंचा था। वह मोटरसाइकिल से दुकान आया था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि युवक के पास अवैध हथियार है और वह किसी व्यक्ति पर हमला करने की नीयत से इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया और उसके पीछे क्या मंशा थी। मामले की जांच जारी है।





