पैसे दिलाने का झांसा देकर पति को ले गई पत्नी, प्रेमी संग मिलकर की हत्या
बिलासपुर। झारखंड के सिमडेगा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पत्नी ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में रेलवे पटरी किनारे कीचड़ भरे खेत में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक सिमडेगा जिले के जलडेगा चौकी ओडगा क्षेत्र स्थित ग्राम ढेलसेरा बरटोली निवासी राजेश लोमगा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका बड़ा भाई विनोद लोमगा जेसीबी रिपेयरिंग का काम करता था।
शिकायत में बताया गया कि 18 मई की सुबह विनोद की पत्नी पूनम लोमगा यह कहकर घर से निकली थी कि वह राउरकेला पैसा लेने जा रही है। इसके बाद 20 मई की दोपहर वह वापस घर पहुंची और परिजनों को बताया कि विनोद काम के सिलसिले में राउरकेला में ही रुक गया है। साथ ही उसने विनोद का मोबाइल फोन भी अपने पास होने की बात कही।
पुलिस जांच में बाद में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को सिरगिट्टी इलाके में रेलवे पटरी किनारे फेंक दिया। मामले की जांच जारी है।





