अंबिकापुर/बलरामपुर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जवान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान राजाराम प्रजापति के रूप में हुई है, जो बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कुंदीकला का निवासी था। जवान छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जवान लंबे समय से पारिवारिक विवाद और पत्नी तथा ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से परेशान था। परिवार का कहना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। जवान की मौत से परिजन सदमे में हैं और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।





