दुर्ग। ई-चालान में कथित गड़बड़ी, ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने में देरी और वाहन नामांतरण प्रक्रिया में अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दुर्ग क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का घेराव कर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता करीब आधे घंटे तक धरने पर बैठे रहे और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने किया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई मामलों में वाहन चालकों के एक ही उल्लंघन पर दो-दो और तीन-तीन बार ई-चालान जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने में हो रही देरी, वाहन नामांतरण की लंबी प्रक्रिया और बढ़ी हुई फीस को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परिवहन विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने मांग की कि ई-चालान की तकनीकी खामियों को दूर किया जाए और लोगों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र जल्द शुरू किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मृत्युंजय पटेल ने बताया कि ई-चालान संबंधी शिकायतों की जानकारी मुख्यालय को भेजी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्यालय में सहायता केंद्र शुरू किया जाएगा, जिससे आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सकेगा।





