रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के धरने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना परिसर के बाहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस लेने और भाजपा नेताओं के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया था। इस दौरान हुए विवाद और प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज देर रात खम्हारडीह थाना पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्रकरण निराधार हैं और इन्हें तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
धरने के दौरान दीपक बैज ने राज्य सरकार पर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की गई है। बैज ने स्पष्ट किया कि जब तक दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली जाती, तब तक कांग्रेस का धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई और कांग्रेस की मांगों पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





