रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में रविवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुपम गार्डन, डंगनिया, डीडी नगर समेत आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया गया और स्मार्ट मीटर हटाने अथवा बदलने के लिए आवेदन पत्र वितरित किए गए।
बिजली बिल बढ़ने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
जनता की चिंताओं की अनदेखी का आरोप
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर का बोझ जनता पर डाल रही है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में स्मार्ट मीटर को लेकर सावधानी बरती गई, लेकिन छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं की आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
अभियान में देव साहू, संदीप शर्मा, कुलदीप, शिवश्याम शुक्ला, मन्नू वाजपेयी, योगेश दीक्षित, भीम यादव, ईश्वरी, संदीप सिरमौर, अमन गिल, विजय गीधवानी, श्रीनाथ भोगल, वेदप्रकाश कुशवाहा, अजित और किशन गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





