गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा-कोटमी मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। खुज्जी नदी की पुलिया पर तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेलर चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर कोयला लेकर पेंड्रा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन खुज्जी नदी की पुलिया पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण ट्रेलर से हट गया। तेज रफ्तार के कारण वाहन पुलिया की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नीचे नदी में जा गिरा। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चालक व परिचालक को बाहर निकाला।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
हादसे के चलते पेंड्रा-कोटमी मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना की जानकारी वाहन मालिक को दे दी गई है। ट्रेलर को नदी से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेंड्रा-कोटमी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग और पुलिया क्षेत्र में गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।




