मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम करे और प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत एवं जरूरी सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के लोगों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।