सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आईपीएस अधिकारी के पिता से दो लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापपुर पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 37 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे IPS अधिकारी के पिता

जानकारी के अनुसार, घटना 18 सितंबर 2026 की है। मानपुर खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता अपनी स्कूटी से प्रतापपुर पहुंचे थे। उन्होंने सहकारी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक से कुल दो लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद नकदी को प्लास्टिक के झोले में रखकर स्कूटी की डिक्की में रख दिया।

बैंक से लौटते समय वह एक दुकान के पास रुके। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर स्कूटी की डिक्की से रुपये से भरा झोला निकाल लिया और फरार हो गए। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने प्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक परिसर, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए।

फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया।

बतौली क्षेत्र से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बतौली क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25 वर्ष), निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर और रोहित यादव (34 वर्ष), निवासी कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से 1 लाख 37 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

दो आरोपी फरार, 63 हजार रुपये की बरामदगी बाकी

प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों के नट गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस शेष 63 हजार रुपये की बरामदगी के साथ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।