रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की चाल कुछ धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के नवीनतम अनुमान के मुताबिक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पहले जहां मानसून के 16 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचने की उम्मीद थी, वहीं अब इसके 18 से 19 जून के बीच दस्तक देने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की प्रगति फिलहाल अपेक्षित गति से नहीं हो रही है, जिसका असर प्रदेश में वर्षा की स्थिति पर पड़ सकता है। ऐसे में किसानों की निगाहें मानसून की सक्रियता पर टिकी हुई हैं।
केरल में भी मानसून की रफ्तार धीमी
दक्षिण-पश्चिम मानसून की केरल में एंट्री भी निर्धारित समय से पीछे खिसकती नजर आ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून के 3 से 4 जून तक केरल पहुंचने की संभावना है। सामान्य तौर पर मानसून की शुरुआत केरल से ही मानी जाती है, जिसके बाद यह देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ता है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में बन रही एल नीनो जैसी परिस्थितियां मानसून की गतिविधियों को प्रभावित कर सकती हैं। इसके चलते वर्षा की मात्रा और मानसून के आगमन की समय-सीमा में बदलाव देखने को मिल सकता है।





