रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में डिजिटल प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में 'सेवा सेतु' पोर्टल को और अधिक प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से मिल सके।


सरकार का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिकों और सरकारी सेवाओं के बीच की दूरी को कम करना है। सेवा सेतु प्लेटफॉर्म पर आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण पत्र, व्यापार लाइसेंस समेत कई महत्वपूर्ण सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हो रही है।


राज्य सरकार डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मोबाइल नेटवर्क विस्तार, भारतनेट फेज-3 और अन्य डिजिटल नवाचार परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। इन पहलों का उद्देश्य युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और नवाचार के नए अवसर तैयार करना है।


'सेवा सेतु' परियोजना का संचालन CHiPS (Chhattisgarh Infotech Promotion Society) के माध्यम से किया जा रहा है। जिला स्तर पर ई-गवर्नेंस सोसायटी और तकनीकी टीमों की मदद से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक भी आसानी से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।