रायपुर। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचरों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर के संजय नगर निवासी अर्चना गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को श्री महामाया माता मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी, जिसमें शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे।

अर्चना गुप्ता अपनी परिचित सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु, ओमकुमारी वर्मा और बासन साहू के साथ यात्रा में शामिल थीं। यात्रा समाप्त होने के बाद जब वे इंडोर स्टेडियम पहुंचीं तो पता चला कि उनके गले में पहनी करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन गायब है। अन्य महिलाओं ने भी अपनी चेन चोरी होने की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

पुलिस ने अज्ञात चेन स्नैचरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना स्थल और यात्रा मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में कीमती आभूषण पहनने या उन्हें खुले में प्रदर्शित करने से बचें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।