रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 2 मिमी वर्षा हुई।


सामान्य से 18 फीसदी कम हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय हो चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।


लो-प्रेशर सिस्टम से बढ़ेगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) और सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।


रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आंशिक से पूर्ण रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।