बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृतदास डहरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, तखतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से जुड़े एक मामले के आरोपी को पेशी के लिए जिला न्यायालय लाया गया था। इसी दौरान अमृतदास डहरिया ने कथित रूप से आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की कोशिश की।
आरोप है कि युवक ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचाया।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।




