रायपुर। राजधानी रायपुर में स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में 200 से अधिक स्कूल बसों का व्यापक तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है।

जांच के दौरान बसों की फिटनेस, ब्रेक, स्टीयरिंग, टायर, अग्निशमन उपकरण (फायर सेफ्टी), इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की तकनीकी खामी समय रहते दूर की जा सके।

बसों की तकनीकी जांच के साथ-साथ चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इसमें विशेष रूप से नेत्र परीक्षण (आई टेस्ट) शामिल है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन चालक पूरी तरह फिट हैं और बच्चों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध करा सकें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन स्कूल बसों में तकनीकी खामियां या निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य "सुरक्षित स्कूल बस, सुरक्षित सफर" की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू करना है, ताकि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और अभिभावकों का भरोसा भी कायम रहे।