बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरों ने एक पुलिस अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात के साथ 1.15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के डूंडा स्थित शिव विहार कॉलोनी का है।
परिवार बाहर गया था, तभी हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ किसी निजी कार्य से जगदलपुर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया।
पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
घटना की जानकारी पड़ोसियों ने एएसआई को दी। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। जांच में पता चला कि सोने की चेन, चांदी की पायल और 1.15 लाख रुपये नकद गायब हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।




