बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक रियल एस्टेट कारोबारी पर 37 वर्षीय महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो के जरिए करीब आठ महीने तक ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में शिकायत भेजी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, दुकान खाली कराने, झूठे मादक पदार्थ के मामले में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण किया। आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए बड़े पुलिस अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा भी करता था।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली नाका के पास किराए के कमरे में सिलाई सेंटर संचालित करने वाली महिला की पहचान भवन मालिक एवं रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग (45) से हुई थी। महिला का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने उसे यह कहकर विश्वास में लिया कि उसका एक परिचित हाईकोर्ट का वरिष्ठ अधिवक्ता है, जो उसके पुराने मामले में मदद कर सकता है।
इसी बहाने आरोपी ने 8 सितंबर 2024 को दोपहर करीब दो बजे महिला को होटल ईस्ट पार्क बुलाया। आरोप है कि वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे महिला अचेत जैसी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बदनामी के डर से वह विरोध नहीं कर सकी। आरोप है कि अप्रैल 2025 तक आरोपी अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दिसंबर 2024 में आरोपी ने उसे दूसरी पत्नी की तरह रखने और शादी का झांसा देकर अपने साथ संबंध बनाए रखा। जब भी महिला वीडियो हटाने की बात करती, आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने महिला का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
पीड़िता की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल मुंबई में है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।




