रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। संजय नगर स्थित मदनी चौक के पास एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है।
पिता फंदे पर मिले, पत्नी और तीन बच्चों की मौत संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली तथा बेटियों शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव घर के भीतर मिले हैं। शुरुआती आशंका है कि उनकी मौत किसी विषैले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही होगा।
किराए के मकान में रहता था परिवार
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि परिवार संजय नगर के मदनी चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घर को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में मर्ग कायम कर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना के पीछे क्या वजह रही। पुलिस परिजनों, आसपास के लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।





