जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धाराशिव गांव के खेत के पास एक ही पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक का शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़न की स्थिति में मिला, जबकि युवती की मौत हाल ही में हुई प्रतीत हो रही है।

प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक के आत्महत्या करने की जानकारी मिलने के बाद युवती ने भी उसी पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

पामगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।