रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह सनसनी फैल गई, जब महिला थाना के समीप एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी। वहीं, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें।

पुलिस का कहना है कि मृतक के सिर पर मिले चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।