रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बलराम तिवारी के निधन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बलराम तिवारी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है।
बृजमोहन अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि छात्र राजनीति के दिनों से उनका बलराम तिवारी के साथ बेहद आत्मीय संबंध रहा। छात्र जीवन से लेकर अब तक दोनों ने संगठन के लिए लंबे समय तक साथ मिलकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि बलराम तिवारी केवल भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले संवेदनशील जनप्रतिनिधि भी थे।
सांसद ने कहा कि बलराम तिवारी के निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से गहरा आघात पहुंचा है। उनका जाना संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने अपने श्रद्धांजलि संदेश का समापन "ॐ शांति" के साथ किया।





