बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर एक महिला से 45 हजार रुपये की उगाही करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की सतर्कता और सूझबूझ से आरोपी की पूरी करतूत कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने रुपये देते समय गुप्त रूप से वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मड़ई निवासी आशा सोनझरी ने पुलिस को बताया कि वह पहले महुआ शराब बनाने और बेचने का काम करती थी, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से यह काम पूरी तरह बंद कर चुकी है और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही है।

पीड़िता के मुताबिक, 5 जुलाई की सुबह ग्राम खम्हरिया निवासी लीलामणी सोनझरी उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने साथ लाई शराब घर में रख दी और महिला पर अवैध शराब रखने व बेचने का आरोप लगाने लगा। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत कर जेल भिजवाने की धमकी दी और कहा कि अगर कार्रवाई से बचना है तो पुलिस को रुपये देने होंगे।

धमकी से डरी महिला ने अपने पति से 45 हजार रुपये मंगवाकर आरोपी को दे दिए। हालांकि, महिला ने पूरी बातचीत और रुपये देने का वीडियो तथा ऑडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत

घटना के अगले दिन महिला सीपत थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में पुलिस को सौंप दी। प्रारंभिक जांच में साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी लीलामणी सोनझरी के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया।

डिजिटल साक्ष्यों की होगी जांच

पुलिस का कहना है कि वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच कराई जाएगी। यदि रिकॉर्डिंग प्रमाणिक पाई जाती है तो इसे मामले में अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुराने काम का उठाया फायदा

महिला ने अपने आवेदन में बताया कि वह वर्षों पहले शराब बेचने का काम करती थी, लेकिन अब यह धंधा पूरी तरह छोड़ चुकी है। आरोपी ने इसी पुराने मामले का फायदा उठाते हुए उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और पुलिस का नाम लेकर 45 हजार रुपये ऐंठ लिए। अब पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।