बिलासपुर। रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के सूने बंगलों में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (नई दिल्ली) और हासिम (मेरठ, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों को दुर्ग जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने कुछ दिन पहले रेलवे के एक अधिकारी के सूने बंगले का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि, कीमती सामान नहीं मिलने पर वे मौके से फरार हो गए थे।

जांच में यह भी पता चला कि दोनों आरोपी पेशेवर चोर हैं और इनके खिलाफ बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई के अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इधर, नशे के कारोबार पर भी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उधर, बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने निकेश कौशिक उर्फ वासू को ज्वाली नाला के पास घेराबंदी कर दबोचा। उसके कब्जे से 55 नग नाइट्राजेपाम की नशीली गोलियां, बिक्री में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक और 830 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नशे के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के साथ-साथ आर्थिक लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है।